शाहरुख खान स्टारर फिल्म ‘कभी हां कभी ना(1994)’ से सुचित्रा कृष्णमूर्ति रातों-रात बॉलीवुड में स्टार बन गईं। लेकिन कुछ ही साल बाद उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया। बाद में इस एक्ट्रेस ने रामगोपाल वर्मा की फिल्म ‘रंगीला’ करने से भी इंकार कर दिया, क्योंकि डायरेक्टर ने एक्ट्रेस की एक खास शर्त नहीं मानी। अब एक्टिंग के बजाय वह किसी और काम में व्यस्त हैं। हाल ही में अमर उजाला डिजिटल के साथ एक लंबी बातचीत में सुचित्रा ने अपने करियर और नए प्रोजेक्ट पर बात की। 

संगीत घरानों को लेकर करती हूं पॉडकास्ट 

सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने कभी भी खुद को फुल टाइम एक्ट्रेस नहीं माना है। वह बतौर सिंगर भी काफी काम कर चुकी हैं। इन दिनों भी संगीत की विरासत को सहेजने की कोशिश कर रही हैं। वह कहती हैं, ‘मैंने फिल्मों में भी कुछ गाने गाए, मैंने जो पॉप सॉन्ग गाए वो काफी पसंद किए गए। इन दिनों में म्यूजिक को लेकर रिसर्च कर रही हूं। अपने पॉडकास्ट के जरिए संगीत घरानों पर एपिसोड बना रही हूं। कई लोग मुझे मिलते हैं और बताते हैं कि उन्हें ये एपिसोड पसंद आते हैं। लेकिन इसके बावजूद मुझे यूट्यूब पर 20 हजार व्यूज मिलते हैं। लेकिन मेरा मानना है कि जो काम में कर रही हूं, वह आगे चलकर किसी ना किसी के काम आएगा।’ 

ये खबर भी पढ़ें: Suchitra Krishnamoorthi: शाहरुख को मारे कई थप्पड़, फिर अचानक सुचित्रा ने इंडस्ट्री से क्यों दूरी बना ली?

क्यों रामगोपाल वर्मा की ‘रंगीला’ नहीं की?


साल 2005 में सुचित्रा कृष्णमूर्ति ने रामगोपाल वर्मा प्रोड्यूस फिल्म ‘माय वाइफ्स मर्डर’ में अभिनय किया था। यह फिल्म रामगोपाल वर्मा डायरेक्टेड तेलुगु फिल्म की रीमेक थी। लेकिन सुचित्रा ने रामगोपाल वर्मा की ‘रंगीला’ में काम करने से इंकार कर दिया। इसकी वजह भी वह बताती हैं। वह कहती हैं, ‘रामू ने मुझे फिल्म ‘रंगीला’ में जैकी श्राॅफ के कैरेक्टर की पत्नी का रोल दिया था। मैंने कहा कि तभी यह रोल करूंगी, जब आप मुझे इस फिल्म में गाना गाने का मौका दोगे। रामू ने साफ मना कर दिया तो मैंने कहा कि जाओ मैं भी इस फिल्म को नहीं करती। आप गौर करें, इस फिल्म में रामगोपाल वर्मा ने जैकी श्रॉफ की पत्नी का नाम सुचित्रा ही रखा है।’ 

सुचित्रा बोलीं- मौजूदा बॉलीवुड कल्चर में फिट नहीं बैठती हूं  

सुचित्रा कृष्णमूर्ति बहुत चुनिंदा काम करती हैं। वह मानती हैं कि अब बॉलीवुड में काम करने का तरीका बदल गया है। वह कहती हैं, ‘जब कोई डायरेक्टर मुझे फोन करता है, तब ही मैं उस फिल्म का हिस्सा बनती हूं।। क्योंकि आजकल ऑडिशन वीडियो मांगे जाते हैं, रील्स मांगी जाती हैं। मैं ऐसे लोगों को कहती हूं कि दोबारा मुझे कॉल मत करना। ऐसा नहीं है कि मैं एक्टिंग नहीं करना चाहती हूं, बस मैं मौजूदा बॉलीवुड कल्चर में फिट नहीं बैठती हूं। फिर मैं अपने ही क्रिएटिव काम में बिजी हूं।’ इन दिनों सुचित्रा की एक ऑडियो सीरीज ‘ड्रामा क्वीन’ भी चर्चा में है।  



Source link

Scroll to Top